2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सितंबर का महीना आज से शुरू हो गया है। इस महीने डीमैट अकाउंट की नॉमिनेशन भरने और 2000 हजार रुपए के नोट बदलने या बैंक में जमा करने जैसे जरूरी कामों की डेडलाइन खत्म हो जाएगी।
आधार कार्ड अपडेट करने के लिए अब सिर्फ 14 दिन का टाइम बचा है। वहीं, इस महीने कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, ईद ए मिलाद जैसे कई पर्व-त्योहार पड़ रहे हैं, जिससे महीने में छुट्टियों की भरमार है। सितंबर के महीने में सिर्फ 16 दिन ही बैंक खुलेंगे।
हम आपको ऐसे 5 कामों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें डेडलाइन खत्म होने से पहले पूरा करना जरूरी है…
1. फ्री में आधार अपडेट का आखिरी मौका
अगर आप फ्री में आधार अपडेट कराना चाहते हैं तो आपके पास इसका आखिरी मौका है। UIDAI ने फ्री में आधार अपडेट करने की सुविधा दी हुई है। इसकी डेडलाइन 14 सितंबर को खत्म हो रही है। इसके बाद आधार अपडेट करने के लिए चार्ज देना होगा। पहले यह सुविधा 14 जून तक थी। इसके बाद इसे तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया था।
UIDAI ने ये पहल खास तौर पर उन लोगों के लिए शुरू की थी, जिन्हें 10 साल पहले आधार कार्ड मिला था और अभी तक एक बार भी अपडेट नहीं कराया है। आधार अपडेट कराने के लिए यूजर्स UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट माय आधार पर जाकर खुद ही अपनी डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं। आधार अपडेट करने की प्रोसेस जानने के लिए यहां क्लिक करें…
डिटेल्स अपडेट करने के बाद आपको एक सर्विस रिक्वेस्ट नंबर भी मिलेगा। इसके जरिए आप चेक कर सकते हैं कि आपके आधार में डिटेल्स कब तक अपडेट हो जाएंगी। आप खुद से अपडेट नहीं कर सकते हैं तो पास के आधार केंद्र जाकर भी ये काम किया जा सकता है, लेकिन यहां हर डिटेल्स अपडेट करने के लिए 50 रुपए फीस देनी होगी।
फ्री में क्या अपडेट हो सकते हैं
आधार में सिर्फ डेमोग्राफिक डेटा फ्री अपडेट किया जा सकता है। इसमें नाम, पता, जन्मतिथि, जेंडर, मोबाइल नंबर और ईमेल शामिल हैं। इसके अलावा अगर आपको अपनी फोटो, आईरिस या अन्य बायोमेट्रिक विवरण अपडेट करवाना है, तो आधार केंद्र पर जाना होगा।
2. दो हजार के नोट बदलने का आखिरी मौका
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 19 मई को 2000 के नोट बंद करने की घोषणा की थी। आरबीआई ने देशवासियों को 2 हजार के नोट बदलने के लिए 4 महीने का वक्त दिया है। ये डेडलाइन 30 सितंबर को खत्म हो रही है। डेडलाइन खत्म होने से पहले नोट जरूर बदल लें।
नोट बदलने के लिए डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं
सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार बैंक में नोट बदलने के लिए किसी तरह के कोई डॉक्यूमेंट नहीं देने होंगे। एक बार में ₹20,000 की सीमा तक ₹2000 के नोट बदलवा यानी दूसरे डिनॉमिनेशन में एक्सचेंज करवा सकते हैं। वहीं अगर आपका अकाउंट है तो आप कितने भी 2000 के नोट डिपॉजिट (अकाउंट में जमा) कर सकते हैं।
30 सितंबर तक नोट जमा नहीं किए तो क्या होगा?
लेन-देन के लिए ₹2000 के नोटों का इस्तेमाल जारी रख सकते हैं और उन्हें पेमेंट के रूप में रिसीव भी कर सकते हैं। हालांकि RBI ने 30 सितंबर 2023 तक या उससे पहले इन बैंक नोटों को जमा करने या बदलने की सलाह दी है। एक बार में 20 हजार रुपए तक के नोट बदले जा सकते हैं। ध्यान रहे कि सितंबर में 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। इसलिए नोट बदलने के लिए बैंक जाने से पहले नीचे दी गई डिटेल्स जरूर पढ़ लें…
3. सितंबर महीने में 14 दिन खुलेंगे बैंक
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अनुसार, सितंबर महीने में 4 रविवार और 2 शनिवार यानी 6 दिन बैंक बंद रहेंगे। वहीं अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग कारणों से 10 दिन बैंकों में काम नहीं होगा।
इन छुट्टियों को मिला दें तो सिर्फ 14 दिन ही बैंकों में कामकाज होगा। इसलिए अगर आपको बैंक जाकर कोई जरुरी काम करना है तो पहले छुट्टियों की लिस्ट चेक कर लें, उसके बाद ही बैंक जाएं।
कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक
कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में 22 से 24 सितंबर तक लगातार 3 दिन बैंक बंद रहेंगे। 22 सितंबर को श्री नारायण गुरु समाधि दिवस पर बैंक बंद रहेंगे। वहीं 23 सितंबर चौथा शनिवार और 24 सितंबर को रविवार है।
ऑनलाइन सर्विस जारी रहेंगी
बता दें कि जिस दिन बैंक बंद रहेंगे, उस दिन आप घर बैठे बैंक से जुड़े जरूरी काम ऑनलाइन कर सकते हैं। बैंकों में छुट्टियां रहने बावजूद ऑनलाइन और ATM की सभी सेवाएं जारी रहती हैं। इसके अलावा आप क्रेडिट और डेबिट कार्ड से भी डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं।
4. डीमैट अकाउंट की नॉमिनेशन भरने की डेडलाइन
डीमैट अकाउंट के माध्यम से शेयरों में निवेश करने वाले लोगों को भी 30 सितंबर तक नॉमिनेशन भरने और नॉमिनेशन वापस लेने की प्रोसेस पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा में नॉमिनेशन नहीं किए जाने पर इन्वेस्टर्स के ट्रेडिंग और डीमैट अकाउंट फ्रीज हो सकते हैं।
डीमैट अकाउंट में नॉमिनी कैसे ऐड करें?
- सबसे पहले आप अपने डीमैट अकाउंट में लॉग इन कर लें।
- इसके बाद प्रोफाइल सेगमेंट के तहत ‘माई नॉमिनी’ ऑप्शन में जाए।
- अब ‘ऐड नॉमिनी’ या ‘ऑप्ट-आउट’ आप्शन को चुनें।
- इसके बाद नॉमिनी डिटेल्स भरें और नॉमिनी का ID प्रूफ अपलोड करें।
- डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद नॉमिनी शेयर % डालें। ध्यान दें आप एक से अधिक लोगों को भी नॉमिनी बना सकते हैं और उनके शेयर % को डाल सकते हैं।
- लॉस्ट में आपको आधार नंबर डालकर OTP के जरिए ई-साइन करना है। जिसके बाद आपके अकाउंट में नॉमिनी ऐड हो जाएगा।
5. आधार-पैन 30 सितंबर से पहले लिंक करें लिंक
अगर आपने अभी तक अपने पैन को आधार से लिंक नहीं किया है तो 30 सितंबर 2023 तक ऐसा कर लें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपका पैन इनएक्टिव हो जाएगा। जिसके बाद पैन से जुड़े कई काम रुक जाएंगे। सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (CBDT) 30 जून 2022 के बाद से पैन को आधार से लिंक कराने के लिए 1 हजार रुपए लेट फीस वसूल रहा है। आधार-पैन लिंक की प्रोसेस जानने के लिए यहां क्लिक करें
www.bhaskar.com
Source link