स्पोर्ट्स डेस्क4 दिन पहले
- कॉपी लिंक
BCCI ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2023 से 2027 तक के मीडिया राइट्स 48,390.52 करोड़ रुपए में बेचे थे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के आयोजन से लगभग 2400 करोड़ रुपए की कमाई की है।
गुरुवार को BCCI की वेबसाइट पर 2021-22 तक के पांच सालों की एनुअल रिपोर्ट जारी हुई। इसमें पता चला कि बोर्ड ने साल 2017 से अप्रैल 2022 तक 2.7 बिलियन डॉलर (22 हजार करोड़ रुपए) से ज्यादा कमाए हैं।
IPL 2022 से BCCI को 2,400 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। बोर्ड को IPL 2022 से 6 हजार करोड़ रुपए से भी ज्यादा की कमाई हुई थी, जिसमें से लगभग 3900 करोड़ रुपए टूर्नामेंट में खर्च हो गए।
IPL की शुरुआत 2008 में हुई थी। इसके बाद से ही इस क्रिकेट लीग ने मीडिया राइट्स और ब्रांडिंग से अरबों रुपए की कमाई की है। इसके चलते दुनियाभर में क्रिकेट लीग का ट्रेंड बढ़ गया है।
ऐसे IPL से पैसा कमाता है BCCI
- मीडिया राइट्स: मीडिया और ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, यानी IPL के मैचों के टेलीकास्ट करने का अधिकार। मैच के लाइव टेलिकास्ट के अलावा हाइलाइट्स तक सिर्फ वही कंपनी दिखा सकती है जिसके पास मीडिया राइट्स हों। इससे ही BCCI को सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिलता है।
- टाइटल स्पॉन्सरशिप: साल 2008 में टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए सालाना ₹50 करोड़ दिए गए थे। वहीं 2023 में ये आंकड़ा सालाना ₹300 करोड़ से ज्यादा हो गया। टाटा और BCCI के बीच दो साल की डील हुई है, इसके लिए कुल ₹600 करोड़ दिए गए।
- फ्रेंचाइजी फीस: कोई भी नई टीम जब IPL का हिस्सा बनती है, इसके लिए फ्रेंचाइजी फीस देनी होती है। ये पूरा प्रोसेस बोली लगाकर होता है, जिसमें अलग-अलग कंपनियां या ग्रुप टीम खरीदने के लिए बिडिंग प्रोसेस का हिस्सा बनते हैं। साल 2022 में जब गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स लीग का हिस्सा बनीं, तो BCCI के खाते में ₹12500 करोड़ जुड़ गए।
48390 करोड़ रुपए में बिके थे IPL मीडिया राइट्स
करीब एक साल पहले BCCI ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2023 से 2027 तक के मीडिया राइट्स 48,390.52 करोड़ रुपए में बेचे थे। डिज्नी स्टार ने भारतीय महाद्वीप के TV राइट्स को 23575 करोड़ रुपए में खरीदा। वायकॉम 18 ने भारतीय महाद्वीप के डिजिटल राइट्स को 20500 करोड़ रुपए में और चुनिंदा 98 मैचों के नॉन एक्सक्लूसिव डिजिटल राइट्स को 3,258 करोड़ रुपए में खरीद लिया था। पढ़ें पूरी खबर
टीम इंडिया के मैचों के मीडिया राइट्स भी बेचेगा BCCI
BCCI को टीम इंडिया के भारत में होने वाले मैचों की मीडिया राइट्स की नीलामी से बड़ी राशि मिलने की उम्मीद है। एशिया कप से पहले होने वाली इस नीलामी से भारतीय बोर्ड को एक बिलियन डॉलर (करीब 8200 करोड़ रुपए) मिल सकते हैं।
बोर्ड 2028 तक के 88 होम मैचों के मीडिया राइट्स नीलाम करेगा। इनमें किसी ICC टूर्नामेंट के तहत होने वाले मुकाबले शामिल नहीं हैं। इनमें सिर्फ द्विपक्षीय सीरीज के तहत भारत में होने वाले मुकाबले ही शामिल हैं।
www.bhaskar.com
Source link