- Hindi News
- National
- Breaking News LIVE Updates; LPG Gas Cylinder Price | Delhi Mumbai MP Rajasthan News
एक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को शुक्रवार रात ED ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी यह गिरफ्तारी 538 करोड़ रूपए के केनरा बैंक घोटाले के मामले में हुई है। उन्हें शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पश्चिम बंगाल के बोडाई इंडस्ट्रीयल एरिया की फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बोडाई औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। दमकल की एक गाड़ी मौके पर मौजूद। अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।
एक्टर आर माधवन फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन नॉमिनेट किए गए
एक्टर आर माधवन को फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का अध्यक्ष और गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन नॉमिनेट किया गया है।
CM के एस्कॉर्ट वाहन ने जानबूझकर कार को टक्कर मारी, केरल भाजपा नेता और एक्टर कृष्ण कुमार का आरोप
केरल के एक्टर और भाजपा के सदस्य कृष्ण कुमार ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केरल के CM पिनाराई विजयन के एस्कॉर्ट वाहन ने जानबूझकर उनकी कार को टक्कर मार दी। साथ ही कहा कि वाहन में यात्रा कर रहे पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपशब्द भी कहे। घटना पंडालम जिले की है। उन्होंने स्थानीय थाने में इसकी शिकायत की है।
कर्नाटक हाईकोर्ट ने JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना की लोकसभा सदस्यता रद्द की, इलेक्शन कमीशन को झूठा हलफनामा दिया था
कर्नाटक हाईकोर्ट ने जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी है। कोर्ट ने कहा कि उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में इलेक्शन कमीशन को झूठा हलफनामा दिया था। पढ़ें पूरी खबर…
दिल्ली में शिवलिंग जैसे फव्वारे लगाने पर LG के खिलाफ पुलिस से शिकायत करेगी AAP
दिल्ली में G-20 समिट से पहले सड़कों के किनारे शिवलिंग के शेप वाले फाउंटेन लगवाने पर लेफ्टिनेंट गवर्नर वी के सक्सेना के खिलाफ आम आदमी पार्टी केस दर्ज कराएगी। AAP के सूत्रों ने बताया कि इस संदर्भ में AAP विधायक दुर्गेश पाठक दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमीश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) से आज मुलाकात करेंगे।
AAP नेता संजय सिंह ने ट्विटर पर LG सक्सेना पर हिंदू धर्म के लोगों की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली के LG शिवलिंग का अपमान कर वाहवाही लूट रहे हैं। BJP को देश से माफी मांगनी चाहिए, LG पर कार्रवाई करनी चाहिए।’
मुंबई में इलेक्ट्रिक बस में चार्जिंग के दौरान आग लगी, 15 मिनट में बुझाई गई
मुंबई में शनिवार को एक इलेक्ट्रिक बस में आग लग गई। बस में आग उस वक्त लगी उसकी बैटरी चार्ज की जा रही थी। इसीलिए कोई घायल नहीं हुआ। घटना सुबह पांच बजे की है। इसके 15 मिनट के भीतर ही आग को कंट्रोल कर लिया गया।
शिवसेना उद्धव गुट के नेता सुधीर मोरे का शव रेलवे ट्रैक पर कई टुकड़ों में मिला
मुंबई में शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता सुधीर मोरे की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह उनका शव घाटकोपर रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे ट्रैक पर कई टुकड़ों में मिला।
उन्होंने अपने बॉडीगार्ड को बताया था कि वे एक मीटिंग में जा रहे हैं। वे बॉडीगार्ड को अपने साथ लेकर नहीं गए थे। सुधीर शिवसेना के पार्षद और क्षेत्र के विभाग प्रमुख थे।
शिवसेना में फूट के बाद सुधीर मोरे उद्धव ठाकरे के साथ बने रहे। पार्टी ने उन्हें रत्नागिरी जिले का संपर्क प्रमुख नियुक्त किया था।
गौतम नवलखा मामले में सुप्रीम कोर्ट NIA से 4 हफ्ते में जवाब मांगा
सुप्रीम कोर्ट ने 1 सितंबर को घर में नजरबंद कार्यकर्ता गौतम नवलखा की याचिका पर सुनवाई की। शीर्ष कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से चार हफ्ते के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा। एल्गार परिषद-माओवादी से संबंधित मामले में मुंबई की एक पब्लिक लाइब्रेरी में पते में बदलाव की मांग की जा रही है। कोर्ट ने कहा कि उन्हें इस केस में और नजरबंद रखना गलत मिसाल बनेगा। कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को उसकी तबियत और ट्रायल की स्थिति कोर्ट को बताने का निर्देश दिया।
नवलखा के वकील ने जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच को बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने NIA को अप्रैल में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था, लेकिन NIA ने अभी तक अपना जवाब दाखिल नहीं किया है।
10 नवंबर 2022 को शीर्ष अदालत ने नवलखा को उनके बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण घर में नजरबंद करने की अनुमति दी थी। नवलखा पहले नवी मुंबई के तलोजा जेल में बंद थे। NIA की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने नजरबंदी के फैसले का विरोध किया था।
NCERT को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला, 63वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने घोषणा
केंद्र सरकार ने नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दे दिया है। NCERT ने डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) में आवेदन किया था। 1 सितबंर को NCERT के 63वें स्थापना दिवस के मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इसकी घोषणा की।
भारत सरकार ने 27 जुलाई 1961 को NCERT की स्थापना की थी। हालांकि, इसका औपचारिक संचालन 1 सितंबर 1961 से शुरू किया गया। NCERT द्वारा प्रकाशित पुस्तकें केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और अन्य बोर्डों के स्कूलों में उपयोग की जाती हैं।
डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद NCERT ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और डॉक्टरेट सहित तमाम प्रोग्राम संचालित कर सकेगा। डीम्ड यूनिवर्सिटी का संचालन केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय और UGC की देख-रेख में होता है। राज्य सरकार इसमें दखल नहीं देती है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस; दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत 12 सितंबर तक बढ़ाई
सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत 12 सितंबर तक बढ़ा दी है। जैन के वकील ने उनके खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया। इसके बाद जस्टिस एएस बोपन्ना ने जैन की जमानत 12 सितंबर तक बढ़ा दी।
घरेलू के बाद अब 19 किलो वाला सिलेंडर 158 रुपए सस्ता हुआ, दिल्ली में इसकी कीमत ₹1522
ऑयल कंपनियों ने आज यानी 1 सितंबर से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर (19 किलोग्राम) की कीमत में 158 रुपए की कटौती की है। इससे दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 1680 रुपए से कम होकर 1522 हो गई है। हालांकि, आज घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मुंबई पूरी खबर पढ़ें…
राष्ट्रपति ने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम बदलने की मंजूरी दी, अब प्रधानमंत्री संग्रहालय ही कहलाएगा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय (NMML) का नाम बदलकर प्रधान मंत्री संग्रहालय करने को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी शुक्रवार को सामने आए गजट नोटिफिकेशन के जरिए सामने आई है। केंद्र सरकार ने 14 अगस्त को दिल्ली स्थित नेहरू मेमोरियल का नाम बदलकर प्रधानमंत्री मेमोरियल कर दिया था।
अमेरिकी राज्य टेक्सास के शॉपिंग मॉल में शूटिंग; दो लोगों की मौत, एक घायल
अमेरिकी राज्य टेक्सास के ऑस्टिन शहर के शॉपिंग मॉल में गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। हादसा भारतीय समय के मुताबिक 1 सितंबर को सुबह 2:30 बजे हुआ। इससे पहले 6 मई को भी टेक्सास के एलन सिटी के मॉल में गोलीबारी हुई थी। हमले में 8 लोगों की मौत हो गई थी। तब पुलिस ने संदिग्ध शूटर को मार गिराया था।
फिलिपींस की कपड़ा फैक्ट्री में लगी आग, 16 लोगों की मौत; दो मंजिला इमारत जलकर खाक
फिलीपींस की राजधानी मनीला में गुरुवार को एक कपड़े की फैक्ट्री में आग लग गई। इसमें 16 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इमारत का इस्तेमाल टी-शर्ट प्रिंटिंग व्यवसाय के लिए गोदाम और मजदूरों के आवास के रूप में किया जाता था। आग की चपेट में आकर दो मंजिला इमारत भी पूरी तरह से जलकर राख हो गई।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में PAK सेना पर आत्मघाती हमला, 9 जवानों की मौत, 17 घायल
पाकिस्तान के खैबर पखतूनख्वा में पाक सेना पर गुरुवार को आत्मघाती हमला हुआ। इसमें 9 जवानों की मौत हो गई, जबकि 17 जवान घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला करने वाला शख्स खुद पर बम लगाकर बाइक पर आया था। उसने आर्मी के काफिले में चल रही गाड़ी को टक्कर मारी थी।
जम्मू कश्मीर में 30 साल से फरार 8 आतंकी गिरफ्तार, एक सरकारी नौकरी कर रहा था
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को आठ फरार आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया। ये आतंकी लगभग 30 साल से पहचान बदलकर इलाके में छिपे हुए थे। ये वहां आम नागरिकों की तरह रह रहे थे। इस दौरान एक आतंकी ने तो सरकारी नौकरी भी पा ली थी। वहीं, अन्य कॉन्ट्रैक्ट और निजी व्यवसाय में लगे हुए थे।
आतंकियों की पहचान आदिल फारूक फरीदी (एक सरकारी कर्मचारी), मोहम्मद इकबाल, मुजाहिद हुसैन, तारिक हुसैन, इश्तियाक अहमद देव, अजाज अहमद, जमील अहमद और इशफाक अहमद के रूप में हुई है। इन पर अपहरण, हत्या सहित विभिन्न अपराधों का आरोप है।
केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से संसद का स्पेशल सेशन बुलाया, 22 सितंबर तक चलेगा
केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसमें कुल 5 बैठकें होंगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर बताया- अमृत काल के बीच संसद में सार्थक चर्चा और बहस का इंतजार कर रहा हूं।
इससे पहले संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चला था। मणिपुर हिंसा को लेकर विपक्ष के विरोध के बाद कई बार सत्र बिना कामकाज के स्थगित करना पड़ा था। इस सत्र में विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया था, जो गिर गया। पूरी खबर पढ़ें…
www.bhaskar.com
Source link