5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
देश की टॉप-4 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियों को ग्राहकों को ऑन बोर्ड चार्जर के पैसे रिफंड करने के लिए नवंबर तक की डेडलाइन दी है। पैसे रिफंड न करने की स्थिति में कंपनियों पर कार्रवाई की जाएगी। इन कंपनियों में ओला इलेक्ट्रिक, एथर एनर्जी, टीवीएस मोटर्स और हीरो मोटोकॉर्प इनमें शामिल हैं। इस संबंध में केंद्र सरकार ने कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं।
कंपनियों पर आरोप है कि FAME-II के तहत सब्सिडी क्लेम करने के लिए कंपनियों ने अपने स्कूटर्स की कीमतों को कम रखा, लेकिन चार्जर और सॉफ्टवेयर के नाम पर ग्राहकों से अलग से पैसे लिए। यही नहीं कंपनियां बाद में सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर भी ग्राहकों से पैसे वसूल रही थीं। सब्सिडी नियम के तहत ये कंपनियां चार्जर का अलग से पेमेंट नहीं ले सकतीं।
1 अप्रैल 2023 से पहले इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पर 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिलती थी।
4 महीने में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपए लौटाए
भारी उद्योग मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों से शिकायत मिल रही थी कि चार्जर के पैसे रिफंड नहीं किए जा रहे हैं। इसके अलावा सरकार को भारी उद्योग मंत्रालय से रिपोर्ट मिली, जिसमें बताया कि अप्रैल में कंपनियों ने गलती स्वीकार की और ग्राहकों को चार्जर के पैसे लौटाने का आश्वासन दिया था। लेकिन, 4 महीने बाद 15 अगस्त 2023 तक सिर्फ 10 करोड़ रुपए ही रिफंड किए गए। 2 लाख ग्राहकों को करीब 306 करोड़ रुपए लौटाना अब भी बाकी है।
एथर एनर्जी पर सबसे ज्यादा बकाया
कंपनी | कस्टमर | टोटल रिफंड अमाउंट | अब तक रिफंड अमाउंट |
एथर | 95 हजार | ₹157.78 करोड़ | 3.97 करोड़ |
ओला | 1 लाख | 130 करोड़ | 4.25 करोड़ |
TVS | 87 हजार | 15.6 करोड़ | 9 लाख |
हीरो मोटोकॉर्प | 1,100 | 2.26 करोड़ | 1.64 करोड़ |
फेम-2 स्कीम से किया जा सकता है बैन
चारों कंपनियों को नोटिस जारी कर कहा गया कि अगर नवंबर अंत तक ये ग्राहकों का पैसा नहीं लौटाया, तो आगामी सब्सिडी रोक दी जाएगी। इसके अलावा इन कंपनियों को हाइब्रिड और फेम-2 स्कीम से भी बैन किया जा सकता है और फाइन भी लगाया जा सकता है। वहीं, कंपनियों का कहना है कि ग्राहकों की बैंक डिटेल उपलब्ध नहीं होने के चलते रिफंड करने में देर हो रही है।
किन ग्राहकों को मिलेगा रिफंड
- फाइनेशियल ईयर 2019-20 से 30 मार्च, 2023 तक ओला S1 प्रो मॉडल खरीदने वाले कस्टमर को कंपनी रिफंड देगी।
- मई 2022 से लेकर मार्च 2023 के बीच IQube S खरीदने वाले ग्राहकों को TVS ये पैसा रिफंड के तौर पर देगा।
- हीरो मोटोकॉर्प मार्च 2023 तक विडा V1 प्लस और विडा V1 प्रो मॉडल खरीदने वाले कस्टमर्स को चार्जर के पैसे लौटाएगी।
FY24 के लिए 5172 करोड़ रुपए अलॉट
2019 में 10000 करोड़ रुपए के बजट के साथ फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल योजना के सेकेंड फेज (FAME-II) की घोषणा की गई थी। इसके तहत अब तक 3701 करोड़ का इस्तेमाल किया जा चुका है।
वहीं फाइनेंशियल ईयर-2024 (FY24) के लिए 5172 करोड़ रुपए अलॉट किए जा चुके हैं। इस मामले के सामने आने के बाद देखना होगा कि सरकार शेष राशि का इस्तेमाल ईवी प्रचार के लिए करती है या नहीं।
www.bhaskar.com
Source link